
बसंत पंचमी और होली के बीच पड़ने वाला फुलेरा दूज (Phulera Dooj 2025) का पर्व हिंदू धर्म में अत्यंत शुभ और पावन माना जाता है। इस दिन से होली की तैयारियां शुरू हो जाती हैं और संपूर्ण वातावरण भक्ति एवं उल्लास से भर जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, फुलेरा दूज का पर्व फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इस वर्ष, यह 1 मार्च 2025, शनिवार यानि आज मनाया जाएगा।
सनातन धर्म में इस दिन का विशेष महत्त्व है। फुलेरा दूज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भक्ति और उल्लास का संगम है। यह दिन न केवल होली के आगमन की सूचना देता है, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के पावन प्रेम का उत्सव भी है। इस दिन की गई पूजा, उपासना और भक्ति जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।
तिथि एवं शुभ मुहूर्त
फुलेरा दूज तिथि प्रारंभ: 1 मार्च 2025 को रात्रि 3:16 बजे
फुलेरा दूज तिथि समाप्त: 2 मार्च 2025 को रात 12:09 बजे
इस बार फुलेरा दूज पर त्रिपुष्कर योग बन रहा है, जो इसे और भी शुभ बना देता है। यह योग 1 मार्च को प्रातः 6:46 बजे से 11:22 बजे तक रहेगा, जिससे इस दौरान किए गए कार्यों का तीन गुना फल प्राप्त होता है।
ब्रज क्षेत्र में होती है धूम
फुलेरा दूज विशेष रूप से मथुरा, वृंदावन और ब्रज क्षेत्र में अत्यंत धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व श्रीकृष्ण और राधा के दिव्य प्रेम का प्रतीक है, और इस दिन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। भक्तजन श्रीकृष्ण और राधा की मूर्तियों पर गुलाल अर्पित कर प्रेम और आनंद का उत्सव मनाते हैं।
होता है अबूझ मुहूर्त
फुलेरा दूज के दिन भर अबूझ मुहूर्त होता है जिसका अर्थ है कि इस दिन किसी भी शुभ कार्य के लिए विशेष मुहूर्त देखने की आवश्यकता नहीं होती। मान्यताओं के अनुसार, इस दिन बिना मुहूर्त का विचार किए हर तरह के शुभ कार्य किए जा सकते है। यह दिन विवाह, गृह प्रवेश, वाहन खरीदने, मुंडन, नामकरण संस्कार आदि कार्यों के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।
पूजा विधि (Phulera Dooj 2025)
- भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की पूजा करें।
- गंगाजल या पवित्र नदी के जल से श्रीकृष्ण का अभिषेक करें।
- श्रीकृष्ण को पीतांबर (पीले वस्त्र) अर्पित करें।
- माखन-मिश्री का भोग लगाएं, जो भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय है।
- श्रीकृष्ण और राधा जी की मूर्ति पर गुलाल चढ़ाएं और फूलों की होली खेलें।
- संध्या समय श्रीकृष्ण की आरती करें और प्रसाद का वितरण करें।
फुलेरा दूज के विशेष उपाय (Phulera Dooj 2025)
- इस दिन श्रीकृष्ण और राधा जी की पूजा करने से दांपत्य जीवन में प्रेम और सौहार्द बना रहता है।
- भगवान श्रीकृष्ण को खीर, माखन और मिश्री का भोग लगाने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
- राधा रानी को शृंगार सामग्री और गुलाल अर्पित करने से वैवाहिक जीवन में मधुरता बनी रहती है।
- यदि घर में राधा-कृष्ण की प्रतिमा है, तो उन्हें रंग-बिरंगे वस्त्र पहनाने चाहिए।
- इस दिन गाय की सेवा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है।
- फुलेरा दूज पर व्रत रखने और श्रीकृष्ण की पूजा करने से प्रेम संबंधों में मजबूती आती है।
- यदि इस दिन जीवनसाथी को उपहार दिया जाए, तो इससे आपसी प्रेम और स्नेह में वृद्धि होती है।